गुरु जी ने विश्व में भाईचारे का संदेश दिया : जयरामझ्र

शिमला, 12 नवम्बर (अ.स.) : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर सिंह साहिब शिमला द्वारा गुरुद्वारा साहिब बस स्टैंड शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भाग लिया। इस दौरान शब्द कीर्तन में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि गुरु नानक देव के अनुसार ईश्वर सर्वव्यापी निराकार शाश्वत और अलौकिक है। उन्होंने कहा कि  गुरु नानक देव जी ने यह संदेश दिया है कि ईश्वर केवल एक ही है, उनकी नज़रों में सभी समान हैं और हमें उन्हें भूलना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी द्वारा लिखी गई गुरबाणी में भी विश्व भाईचारे का संदेश दिया गया है। ठाकुर ने कहा कि गुरु नानक देव जी अपने राजनीतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विश्वास के लिए जाने जाते थे, जिसका आधार प्यार, समानता, भाईचारा और सदाचार है। उन्होंने विश्व को एक ईश्वर और ईश्वर ही सत्य है का संदेश दिया। मुख्यमंत्री को गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंधक समिति शिमला के अध्यक्ष जसविन्द्र सिंह बॉबी ने सरोपा भेंट किया।
एम्बुलैंस की चाबी चालक को सौंपी : इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पाराचिनार सभा की ओर एंबुलेंस की चाबी भी चालक को सौंपी। यह एंबुलेंस सेवा पाराचिनार सभा द्वारा रिपन से आईजीमएसी और कमला नेहरु अस्पताल के लिए निशुल्क चलेगी, जिससे रैफ र जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क सुविधा मिलेगी। बालगुंज गुरुद्वारा के प्रधान गुरसागर सिंह ने कहा कि जोनल गुरुद्वारा वैल्फेयर ऑरगनाईजेशन भी पाराचिनार सभा की मदद करेगी। संगठन के सचिव पवन राणा, उपायुक्त शिमला अमित कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह के अतिरिक्त अन्य गणमान्य लोग भी इस समारोह में उपस्थित थे। इस मौके पर सचिव सुरेंद्र पाल सिंह, कंवरवीर सिंह, महासचिव सेवा सिंह, उप-प्रधान स्वर्ण सिंह गुलाटी, उपप्रधान हरजीत सिंह बिरदी, उपप्रधान जसविंद्र सिंह बॉबी, अडिटर निरंजन सिंह, गुरशरण सिंह, हरपाल सिंह सहित अन्य गणमान्य ने भाग लिया। 
हज़ारों श्रद्धालुओं ने छका लंगर : इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब में सुबह 4 बजे से देर रात तक स्थानीय और बाहर से आए रागी जत्थों ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया। वहीं बसस्टैंड गुरुद्वारा साहिब में अटूट लंगर भी लगाया गया। इसके साथ चाय, बिस्टिकट, लड्डू का प्रसाद भी श्रद्धालुओं को बांटा गया।