बालाकोट में पाकिस्तान द्वारा सीजफायर उल्लंघन 

जम्मू, 16 सितम्बर (भाषा) : जम्मू-कश्मीर के पुंछ ज़िले में नियंत्रण रेखा से लगे गांवों और अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तान की सेना ने मोर्टार के गोले दागकर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इसमें सेना के चार जवान मामूली रूप से घायल हो गए। सेना के जनसंपर्क अधिकारी लैफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने देर रात करीब साढ़े दस बजे मेंधर सैक्टर के बालाकोट क्षेत्र में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू की और मोर्टार के गोले दागे। भारतीय सेना के जवानों ने इसका माकूल जवाब दिया। उन्होंने एक बयान में बताया कि गोलाबारी में मामूली रूप से घायल हुए भारतीय सैनिकों को अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सेना का एक दल नियंत्रण रेखा पर सतर्क बैठा था, उसी दौरान उनके निकट मोर्टार के गोलों से रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर विस्फोट हुआ जिससे चार सैनिक घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों की हालत जैसी की तैसी बनी हुई है।