महाराष्ट्र-हरियाणा में विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को, नतीजे 24 को 

नई दिल्ली, 21 सितंबर - महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। आज दोपहर 12 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने दोनों राज्यों में एक ही चरण में चुनाव संपन्न कराए जाने की बात कही। इन दोनों (महाराष्ट्र और हरियाणा) में 21 अक्टूबर को मतदान होगा और 24 अक्टूबर को चुनाव के नतीजे आएंगे। इसके अलावा देश के अलग-अलग राज्यों की 64 सीटों पर भी इसी दिन उपचुनाव होंगे। इसमें बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट भी शामिल है। चुनावी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सीईसी सुनील अरोड़ा ने बताया कि दोनों राज्यों में चुनाव संबंधित अधिसूचना 27 सितंबर को जारी की जाएगी। 4 अक्टूबर तक नामांकन किया जा सकता है और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 7 अक्टूबर है। सीईसी अरोड़ा ने बताया कि आज से ही दोनों राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।