डेंगू मरीजों से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे पर फेंकी स्याही 

पटना,15 अक्तूबर - बिहार की राजधानी पटना में जलभराव और उससे पनप रही बीमारियों को लेकर लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। डेंगू के कई मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। जिसके बाद आज मोदी के मंत्री अश्विनी चौबे पर लोगों का गुस्सा फूटा है। पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डेंगू पीड़ितों से मिलने पहुंचे अश्विनी चौबे पर स्याही फेंकी गई है। जानकारी के मुताबिक, दो युवाओं ने अश्विनी चौबे के चेहरे को निशाना बनाते हुए स्याही फेंकी और फरार हो गए। स्याही फेंकने के बाद चौबे की सुरक्षा में लगे जवानों ने दोनों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। अश्विनी चौबे ने स्याही फेंकने की इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये वही लोग हैं जो अपराध जगत से नाता रखते हैं और किसी जमाने में अपराध के क्षेत्र में काफी आगे थे।