कोट इसे खां गोलीकांड पर बयान देकर बुरे फंसे विधायक लोहगढ़, लोगों ने तोड़ी गाड़ी 

मोगा, 02 दिसंबर - (गुरतेज सिंह बब्बी) - रविवार को रात के समय कस्बा कोट इसे खां के गांव मसतेवाला में विवाह समागम में चल रहे डीजे के दौरान शराबी नौजवानों द्वारा चलाई गोली में 18 वर्षीय नौजवान कर्म सिंह की मौत हो गई थी। इसी मामले को लेकर मृतक नौजवान के पारिवारिक सदस्यों ने आरोप लगाया कि हलका धर्मकोट के विधायक सुखजीत सिंह काका लोहगढ़ गोली चलाने वाले नौजवानों की मदद कर रहे है और पुलिस भी इस मामले में कार्यवाही करने से गुरेज कर रही है। जिस कारण मृतक लड़के का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया था। आज इसी मामले को लेकर जत्थेबंदियों ने इकठ्ठा होकर सिविल अस्पताल मोगा में धरना लगा दिया। इसी दौरान जब विधायक काका लोहगढ़ मौके पर पहुंचे तो उन्होंने धरनाकारियों को यह कह दिया, ''ऐसी मौतें हर रोजाना ही होती हैं तो इस मामले में धरना लगाने का क्या फायदा।'' इस बात से गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने विधायक की गाड़ी पर हमला कर दिया। इसी दौरान ईंटों, रोड़े और पत्थर भी चले। इस दौरान लोहगढ़ के गाड़ी चालक ने गाड़ी भगाकर विधायक की जान बचाई। खबर लिखे जाने तक पता लगा है कि प्रदर्शनकारी अब जिला पुलिस मोगा के कार्यलय में धरना लगाकर बैठ गए हैं।