कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में हुए शामिल

 

नई दिल्ली, 19 सितम्बर - पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने पुत्र, पुत्री और समर्थकों के साथ सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सिंह अपनी नवगठित पार्टी पीएलसी का केंद्र की सत्ताधारी पार्टी में विलय भी कर दिया। सिंह ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से भी मुलाकात की थी। सिंह ने मुख्यमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद पिछले साल कांग्रेस छोड़ दी थी और पीएलसी का गठन किया था। पीएलसी ने भाजपा और सुखदेव सिंह ढींढसा की अगुवाई वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, उसका एक भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाया था और खुद सिंह को भी अपने गढ़ पटियाला शहर सीट से शिकस्त मिली थी।