जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन ने मचाई तबाही, तीन जवान शहीद

श्रीनगर, 4 दिसम्बर (भाषा) : उत्तर कश्मीर में नियंत्रण रेखा के समीप हिमस्खलन की दो अलग-अलग घटनाओं में चार जवानों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि कुपवाड़ा जिले के तंगधार इलाके के कर्नाह सैक्टर में नियंत्रण रेखा पर स्थित ‘ईगल पोस्ट’ पर मंगलवार दोपहर को हिमस्खलन की चपेट में आ गयी, जिसमें 4 जवान फंस गए। बुधवार को 3 जवानों का शव बरामद किया गया जबकि एक जवान को जिंदा बचाया गया। मारे गए 3 जवानों की पहचान हवलदार राजेन्दर, सिपाही कमल कुमार तथा अमित कुमार के रूप में हुई है। एक अन्य घटना में बांदीपुरा जिले में गुरेज सेक्टर के दावर इलाके में सेना का पैदल गश्ती दल हिमस्खलन की चपेट में आ गया जिसमें दो जवान फंस गए। इनमें से एक को जिंदा बचा लिया गया जबकि अन्य जवान का शव तलाश अभियान के दौरान बरामद किया गया। उल्लेखनीय है कि नियंत्रण रेखा के आस-पास के इलाकों सहित उत्तरी कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गत सप्ताह अत्याधिक हिमपात हुआ, जिसमें कमल से कम 8 जवानों की मौत हो गई थी।