केरल में प्रलयकारी बाढ़ ने अब तक ली 173 लोगों की जान

कोच्चि, 17 अगस्त (वार्ता) : केरल में लगातार बारिश के कारण आई प्रलयकारी बाढ़ में आठ अगस्त से अब तक 173 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और 2875 लोग बेघर हो गये हैं। बाढ़ के कारण राज्य को 68.27 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। इडुक्की, वायनाड और मल्लापुरम ज़िले इस प्राकृतिक आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं जहां भूस्खलन की सबसे अधिक घटनाएं हुई हैं और सर्वाधिक संख्या में लोगों की मौत हुई है। राजस्व विभाग की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार राज्य को कुल 68.27 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। मकानों के ध्वस्त होने से 13.09 करोड़ रुपए और फसलों के बर्बाद होने से 55.18 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। सूत्रों ने बताया कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गुरुवार की शाम तक करीब 331 मकान पूरी तरह और 2526 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए जबकि 3393.3200 हैक्टेयर क्षेत्र में लगी फसल नष्ट हो गई।