तृणमूल विधायक की हत्या का मामला : भाजपा के मुकुल राय सहित चार नामज़द

कोलकाता, 10 फरवरी (भाषा): पश्चिम बंगाल के नादिया ज़िले में तृणमूल कांग्रेस के विधायक सत्यजीत बिसवास की हत्या के मामले में पुलिस शिकायत में भाजपा विधायक मुकुल रॉय को नामज़द किया गया है और घटना में उनके संलिप्त रहने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने बताया कि रॉय उन चार लोगों में शामिल हैं, जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को हुई इस घटना के लिए भाजपा को ज़िम्मेदार ठहराया है, वहीं भगवा पार्टी ने सीबीआई जांच की मांग की है। हालांकि, रॉय ने आरोपों से इनकार किया है और दावा किया कि बिसवास तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी झगड़े का शिकार हुए हैं। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व महासचिव रॉय पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के साथ मतभेद होने के बाद पछले साल भाजपा में शामिल हो गए थे। कृष्णगंज विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले बिसवास (41) को शनिवार शाम ज़िले के फूलबाड़ी इलाके में सरस्वती पूजा के एक पंडाल में अज्ञात हमलावरों ने करीब से गोली मार दी थी।