हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान आज

चंडीगढ़, 20 अक्तूबर (राम सिंह बराड़ ) : हरियाणा के चुनाव रण में प्रत्याशियों, उनके समर्थक नेताओं व कार्यकर्ताओं और स्टार प्रचारकों ने अपना दम दिखा दिया है। अब बारी मतदाताओं की है। आज प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता वोट करेंगे। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से अनुरोध किया है कि विधानसभा आम चुनाव के लिए 21 अक्तूबर को मतदान करके लोकतंत्र में अपनी भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करें। प्रदेश में कुल विधानसभा क्षेत्र 90 हैं जहां कल 21 अक्तूबर को मतदान होगा। इस विधानसभा चुनाव में 1169 प्रत्याशी चुनावी रण में हैं। इसमें 1064 प्रत्याशी पुरुष, 104 प्रत्याशी महिला व 1 प्रत्याशी थर्ड जेंडर हैं। सबसे कम प्रत्याशी वाला निर्वाचन क्षेत्र अंबाला कैंट व शाहबाद (6 प्रत्याशी) है। सबसे ज्यादा 25 प्रत्याशी हांसी में हैं। मतदातानुसार सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र बादशाहपुर (396281) और सबसे छोटा क्षेत्र नारनौल (144066) है। प्रदेश में कुल 1 करोड़, 83 लाख 90 हज़ार 525 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख, 7 हज़ार 955 सर्विस वोटर, 724 प्रवासी मतदाता, 98 लाख, 78 हज़ार 42 पुरुष, 85 लाख 12 हज़ार 231 महिला व 252 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। 19,578 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 19425 रेगुलर और 153 सहायक मतदान केंद्र हैं। शहरी क्षेत्र में 5741 और ग्रामीण क्षेत्र में 13837 हैं। चुनाव के लिए कुल 29400 बैलेट यूनिट, 24899 कंट्रोल यूनिट और 27611 वीवीपैट मशीनों का उपयोग किया जाएगा। इस बार युवा मतदाता चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए सभी का फोकस युवा मतदाताओं पर है। आयु वर्ग के हिसाब से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 3,82,446, 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 40,67,413, 30-39 वर्ष आयु वर्ग के 44,92,809, 40-49 वर्ष आयु वर्ग के 35,67,536, 50-59 वर्ष आयु वर्ग के 27,90,783, 60- 69 वर्ष आयु वर्ग के 17,39,664, 70-79 वर्ष आयु वर्ग के 8,22,958 और 80 वर्ष प्लस आयु वर्ग के 4,18,961 मतदाता हैं।