ओपन में शुभंकर संयुक्त 15वें स्थान पर 

बीजिंग , 29 अप्रैल ( भाषा ): भारत के शुभंकर शर्मा सप्ताह का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अंतिम राउंड में पांच अंडर 67 के स्कोर के साथ आज यहां वोल्वो चाइना ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में संयुक्त 15वें स्थान पर रहे। इक्कीस साल के शुभंकर का कुल स्कोर 12 अंडर 276 रहा और भारतीय गोल्फरों के बीच उन्होंने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। शुभंकर ने छह बर्डी लगाई जिसमें से तीन उन्होंने अंतिम चार होल में बनाई। एलेक्जेंडर ब्योर्क यह खिताब जीतने वाले स्वीडन के पहले खिलाड़ी बने। उन्होंने अंतिमदौर में बोगी रहित सात अंडर 65 के स्कोर से एक शाट की बढ़त से खिताब अपने नाम किया। अन्य भारतीयों में अर्जुन अटवाल (71) संयुक्त 32वें, गगनजीत भुल्लर संयुक्त 63वें, शिव कपूर (71) संयुक्त 66वें और खलिन जोशी (79) संयुक्त 68वें स्थान पर रहे।  स्पेन के एड्रियन ओटेगुई लगातार दूसरे दौर में 67 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।