वर्ष 2022 तक कृषि निर्यात दोगुना होगा : सीतारमण

नई दिल्ली, 12 जुलाई (वार्ता) : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कृषि क्षेत्र की चुनौतियों को स्वीकार करते हुए आज कहा कि वर्ष 2022 तक न केवल किसानों की आय को दोगुना किया जाएगा बल्कि कृषि निर्यात को भी दोगुना किया जाएगा। श्रीमती सीतारमण ने राज्यसभा में वर्ष 2019-20 के बजट पर 12 घंटे से अधिक चली चर्चा का उत्तर देते हुए कहा कि सरकार कृषि निर्यात को बढ़ावा देने पर कार्य कर रही है। कृषि के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कैबिनेट कमेटी का गठन किया गया है जिससे इस क्षेत्र में सुधार हो।  उन्होंने कहा कि कृषि में चुनौती है जिसे अलग-अलग तरीके से हल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह चुनौती वर्ष 2014 में नहीं उभरी हैं बल्कि यह दशकों से बनी हुई है। वर्ष 2014 के बाद कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए कई कदम उठाये गये हैं और 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए रणनीति तैयार की गई है।