देश में कोरोना:26 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण, लेकिन 5 राज्यों में ही 73% मरीज

नई दिल्ली ,22 मई -देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 18 हजार 660 हो गई है। संक्रमण 26 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला है। इनमें से सबसे ज्यादा प्रभावित 5 राज्यों में ही 86 हजार से ज्यादा, यानी 73% मरीज हैं। अकेले महाराष्ट्र में 41 हजार 642 संक्रमित हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विदेशों में फंसे ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) को भारत आने की मंजूरी दे दी है।

गृह मंत्रालय ने ओसीआई के लिए शर्तें रखी हैं। ओसीआई कार्डधारकों के विदेश में जन्मे छोटे बच्चों को आने की मंजूरी दी जाएगी। ऐसे कार्ड होल्डर जिनके परिवार में कोई इमरजेंसी जैसे किसी की मृत्यु हुई हो, उन्हें मंजूरी दी जाएगी। ऐसे दंपती, जिनमेें एक के पास ओसीआई कार्ड हो और दोनों का भारत में पर्मानेंट एड्रेस हो। ऐसे छात्र, जिनके पास कार्ड हो, लेकिन उनके माता-पिता भारत में हों.. उन्हें देश में आने की मंजूरी दी जाएगी।

देश में अब तक 3583 मौतें

शुक्रवार को आंध्रप्रदेश में 62, राजस्थान में 54, उत्तरप्रदेश में 6, झारखंड में 5, छत्तीसगढ़ में 4 मरीज मिले। इनके अलावा 217 मरीज और हैं, लेकिन वे किस राज्य से हैं इसकी जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 18 हजार 447 संक्रमित हैं। इसमें से 66 हजार 330 का इलाज चल रहा है, 45 हजार 299 ठीक हुए हैं और 3583 की मौत हुई है।