जम्मू-कश्मीर व लद्दाख के अधिकतर क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे 

जम्मू, 1 दिसम्बर (भाषा) : केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अधिकतर इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया और रात को लेह में तापमान शून्य से 13.2 डिग्री सेल्यियस नीचे चला गया जो इस मौसम की सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रविवार रात को तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर में श्रीनगर और अन्य इलाकों में पारा शून्य से नीचे चला गया जबकि जम्मू में तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम था। कश्मीर और जम्मू के रहने वालों को हालांकि रविवार सुबह खिली धूप ने थोड़ी राहत पहुंचाई। उत्तर कश्मीर का गुलमर्ग वादी में सबसे सर्द इलाका रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे, जबकि उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में पारा शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।