मुझे भी रिजेक्शन का सामना करना पड़ा अनिल कपूर

अनिल कपूर ने अपने करियर की शुरूआत उमेश मेहरा की फिल्म ’हमारे तुम्हारे’  के साथ की थी। इस तरह उन्हें इस इंडस्ट्री में 43 साल हो चुके हैं। अपने करियर में अब तक 100 से अधिक फिल्में कर चुके हैं। अनिल कपूर बॉलीवुड के अलावा इंटरनेशनल फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। अनिल कपूर 66 के होने के बावजूद बेहद जोशीले और यंग नजर आते है। जोश तो जैसे उनमें कूट कूट कर भरा है। इस उम्र में उनकी फिटनेस देखकर हर किसी को अचरज होता है। अनिल कपूर न केवल एक बेहतरीन एक्टर हैं बल्कि फिल्म प्रोडक्शन में कदम रखने के बाद वे अब तक कई फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं। अनिल कपूर के परिवार का नाता शुरू से बॉलीवुड के साथ रहा है। उनके पिता जाने माने फिल्म मेकर रहे हैं। उनके बड़े भाई बोनी कपूर भी अब तक इस इंडस्ट्री को कई हिट फिल्में दे चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अनिल कपूर को अपने करियर को स्थापित करने के लिए काफी स्ट्रगल करना पड़ा।  केवल इतना ही नहीं, कुछ फिल्म मेकर्स ने तो अनिल कपूर से साफ- साफ कह दिया था कि वह कभी स्टार नहीं बन सकते क्योंकि उन्होंने कभी किसी मूछ वाले को स्टार बनते नहीं देखा है लेकिन अनिल कपूर ने उस रिजेक्शन को एक चुनौती मानते हुए, उन्हें मूछों के साथ शानदार कामयाबी हासिल करते हुए हर किसी को हैरत में  डाल दिया।

(युवराज)